श्री हरि चैतन्य पुरी जी महाराज ने किया ‘कारपेंटर्स न्यूज़’ के 21वें वर्ष के विशेषांक का विमोचन

कारीगरों और फर्नीचर उद्योग की आवाज को मजबूती से उठाता रहे ‘कारपेंटर्स न्यूज़’

भरतपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कामवन स्थित श्री हरि कृपा आश्रम में आयोजित विराट धर्म सम्मेलन के दौरान श्री हरि कृपा पीठाधीश्वर एवं विश्वविख्यात संत स्वामी श्री हरि चैतन्य पुरी जी महाराज ने फर्नीचर उद्योग से जुड़े मासिक समाचार पत्र ‘कारपेंटर्स न्यूज़’ के 21वें वर्ष के विशेषांक का विमोचन किया।

इस अवसर पर महाराज श्री ने ‘कारपेंटर्स न्यूज़’ का अवलोकन करते हुए फर्नीचर एवं कारपेंटरी उद्योग से जुड़े कारीगरों, व्यवसायियों और उद्यमियों की गतिविधियों को समाचार पत्र के माध्यम से प्रमुखता से सामने लाने के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि कारीगर समाज के निर्माण और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके हुनर, परिश्रम और योगदान को सम्मान दिलाना तथा उनकी समस्याओं और उपलब्धियों को समाज एवं सरकार तक पहुंचाना सराहनीय कार्य है।

श्री हरि चैतन्य पुरी जी महाराज ने कहा कि ‘कारपेंटर्स न्यूज़’ ने दो दशकों से अधिक समय से फर्नीचर उद्योग और उससे जुड़े कारीगरों की आवाज को मंच प्रदान किया है। समाचार पत्र अपने इस प्रयास को निरंतर आगे बढ़ाए और कारीगरों के हित, सम्मान एवं अधिकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाता रहे, यही मेरी शुभकामना है।
उन्होंने कहा कि आज के दौर में किसी भी समाज या व्यवसाय की प्रगति के लिए सही जानकारी और संवाद बेहद आवश्यक है। मीडिया यदि सकारात्मक सोच के साथ समाज के मेहनतकश वर्ग की उपलब्धियों को सामने लाए और उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाए, तो वह समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बन जाता है।

महाराज श्री ने ‘कारपेंटर्स न्यूज़’ के 21वें वर्ष में प्रवेश करने पर पत्र के संपादक, प्रकाशन टीम एवं समस्त सहयोगियों को शुभकामनाएं देते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि समाचार पत्र निरंतर विकास करते हुए देशभर के कारीगरों एवं फर्नीचर उद्योग से जुड़े लोगों को एकजुट करने और उन्हें नई दिशा देने का माध्यम बने।
इस अवसर पर ‘कारपेंटर्स न्यूज़’ के विशेषांक के विमोचन को उपस्थित श्रद्धालुओं एवं कारीगर समाज से जुड़े लोगों ने गौरवपूर्ण क्षण बताया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Previous post कारपेंटर की बेटी अब चांद की ओर बढ़ाएगी कदम
Next post रानी दिद्दा की विरासत की तलाश में विश्वकर्मा सभा की ऐतिहासिक यात्रा