समाज को जाति पाँति में बाँटने वालों को अब सबक सिखाना जरूरी
विश्वकर्मा समाज के सम्मान समारोह में बोले आचार्य पवन त्रिपाठी
मुंबई। भारतीय जनता पार्टी मुंबई के नवनियुक्त महामंत्री एवं श्री सिद्धिविनायक मंदिर ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष आचार्य पवन त्रिपाठी ने कहा कि कुछ ताकतें समाज को जाति-पांति में बांटने की कोशिश करती हैं, लेकिन हम सबको गर्व के साथ एकजुट हिंदू समाज बनकर उनका जवाब देना है।
सांताक्रुज (पूर्व) के सेंट अंथोनी मार्ग स्थित विश्वकर्मा समिति हॉल में विश्वकर्मा समाज, मुंबई की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में उपस्थित जनसमूह का अभिवादन करते हुए आचार्य त्रिपाठी ने समाज के प्रति आत्मीयता जताते हुए कहा कि विश्वकर्मा समाज का स्वागत ऐसा लगता है मानो अपने ही घर में आ गए हों। उन्होंने केंद्र और राज्य में भाजपा नेतृत्व की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और विकास कार्य दोनों अभूतपूर्व रूप से गतिशील हैं। आगामी मुंबई महानगरपालिका चुनाव का ज़िक्र करते हुए उन्होंने विश्वकर्मा समाज से भाजपा को मजबूत समर्थन देने की अपील करते हुए कहा कि कमल खिलाने की जिम्मेदारी आप सबके कंधों पर है।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार हरिगोविंद विश्वकर्मा ने आचार्य त्रिपाठी को मुंबई में उत्तर भारतीयों की सशक्त आवाज बनने की शुभकामनाएं दीं। वहीं विश्वकर्मा समिति के वरिष्ठ पदाधिकारी लल्लूराम विश्वकर्मा ने पूर्व विधायक अभिराम सिंह के योगदान को याद करते हुए उम्मीद जताई कि आचार्य त्रिपाठी भी विश्वकर्मा समिति के विकास में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।
भाजपा मुंबई प्रवक्ता अजय सिंह ने कार्यक्रम को समाज की शक्ति का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आचार्य त्रिपाठी की नियुक्ति पूरे समाज के सम्मान का परिचय है। भाजपा मुंबई उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने कहा कि आचार्य पवन त्रिपाठी की जिम्मेदारी हम सभी की जिम्मेदारी है। समाज को संगठित रखकर हम पार्टी को और मजबूत बनाएंगे। लोक गायिका पूनम विश्वकर्मा और उनके सहयोगी कलाकारों की शानदार प्रस्तुति ने कार्यक्रम का माहौल जीवंत कर दिया।
इस अवसर पर मुंबई हिंदी पत्रकार संघ के अध्यक्ष आदित्य दुबे, वशिष्ठ नारायण विश्वकर्मा, लाल साहेब विश्वकर्मा, डॉ. पी.एन. विश्वकर्मा, योगेश विश्वकर्मा, लालचंद विश्वकर्मा, राजन विश्वकर्मा, पत्रकार शीतला प्रसाद सरोज,प्रेमशंकर सिंह, वीरेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह गोसाईं, चंद्रकांत शिंदे, बबलू सिंह, पप्पू यादव, हर्षित पाटिल, अनिल फूलचंद उपाध्याय आदि सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।
